साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से बची मेहनत की कमाई, 5 लाख की ऑनलाइन ठगी की पूरी रकम पीडि़त को लौटाई

MP DARPAN
0

शिवपुरी। ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवपुरी साइबर सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर ठगों द्वारा एक युवक के बैंक खाते से उड़ाए गए 5 लाख रुपये पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते सुरक्षित हो गए और पूरी राशि पीडि़त के खाते में वापस करा दी गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में साइबर सेल ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को फरियादी शिवम सिंघल निवासी शिवपुरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने धोखाधड़ी कर उसके बंधन बैंक खाते से 5 लाख रुपये निकाल लिए हैं। शिकायत मिलते ही साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जाट एवं उनकी टीम ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायत को एनसीआरपी (राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज कर लेनदेन का विश्लेषण किया गया, जिसमें पता चला कि ठगी की राशि एचडीएफसी बैंक के एक खाते में ट्रांसफर की गई है। साइबर सेल ने तत्काल पोर्टल के माध्यम से राशि होल्ड कराई और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर पूरी 5 लाख रुपये की राशि पीडि़त शिवम सिंघल के खाते में वापस करा दी। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर फरियादी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया तथा पूरी साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी प्रयासों की सराहना की। इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जाट, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक जलज रावत, आरक्षक दामोदर परिहार, आरक्षक आलोक व्यास एवं आरक्षक भूपेन्द्र यादव की रही।

साइबर सेल की आमजन से अपील

साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि माई आधार ऐप के माध्यम से अपना बायोमेट्रिक लॉक अवश्य करें, ताकि एईपीएस धोखाधड़ी से बचा जा सके। फर्जी लोन ऐप डाउनलोड न करें। किसी भी एपीके फ़ाइल को डाउनलोड या ओपन न करें। किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, ई-मेल या लिंक पर भरोसा कर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध वेबसाइट पर लॉगिन न करें। अपना ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या शिवपुरी साइबर सेल हेल्पलाइन 7049123706 एवं 7049123288 पर सूचना दें। समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top