शिवपुरी। भौंती थाना पुलिस ने हत्या के बहुचर्चित मामले में करीब छह माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में की गई।
भौंती टीआई घनश्याम भदौरिया के अनुसार, 3 फरवरी 2026 को फरियादिया श्रीमती शीतल, पत्नी रमेश जाटव, निवासी ग्राम महोबा डामरौन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 जनवरी 2026 को पुरानी रंजिश के चलते पूरन जाटव एवं छोटेलाल उर्फ छोटे जाटव ने उसकी सास दिरो बाई जाटव उम्र 67 वर्ष के साथ गाली-गलौज कर पत्थरों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। गंभीर रूप से घायल दिरो बाई की 4 फरवरी 2026 को ग्वालियर के जेएएच अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद 30 जून 2026 को भौंती पुलिस ने मुख्य आरोपी पूरन जाटव उम्र 30 वर्ष पुत्र जल्लूराम जाटव, निवासी ग्राम महोबा डामरौन को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पिछोर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, सहायक उपनिरीक्षक संजय भगत, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, पिकेश कुमार, नन्दकिशोर एवं राघवेन्द्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।


