शिवपुरी। बदरवास थाना पुलिस ने बिजली विभाग की लाखों रुपए की एल्यूमिनियम विद्युत लाइन चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त बुलेरो पिकअप और करीब 900 मीटर एल्यूमिनियम विद्युत तार बरामद किया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 11 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
बदरवास टीआई नवीन यादव के अनुसार 8 जुलाई को मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के लाइनमैन माखन यादव पुत्र रामसिंह यादव, निवासी सींगन, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुमेला से बक्सपुर के बीच विद्युत लाइन का एल्यूमिनियम तार चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर बदरवास थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा विद्युत अधिनियम, 2003 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव ने टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। गुरुवार को सूचना मिली कि एक बुलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 04 वायक्यू 9585 में चोरी का बिजली तार भरकर गुना से शिवपुरी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने ईश्वरी पुल हाईवे पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से आठ बंडलों में करीब 900 मीटर एल्यूमिनियम विद्युत तार बरामद हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने समीर अली पुत्र शब्बीर अली, निवासी पुरानी छावनी मस्जिद, जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि पुलिस चोरी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव, उपनिरीक्षक नोवेल खेस, प्रधान आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक सदन भिलाला तथा चालक दीनू रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


