शिवपुरी में नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश
शिवपुरी। ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना ने शिवपुरी दौरे के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों के साथ कंट्रोल रूम में बैठक कर नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान की समीक्षा की और इसे केवल पुलिस अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन बनाने पर जोर दिया।
बैठक में आईजी सक्सेना ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के नेतृत्व में अभियान के तहत हुई कार्रवाई और जनजागरूकता गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाए। प्रेरक वीडियो, जनसंवाद और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोडऩे पर भी विशेष बल दिया गया। आईजी सक्सेना ने कहा कि शिवपुरी जिले से गुजरने वाला एबी रोड अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए संवेदनशील मार्ग है। तस्कर अब सीधे सामने आने के बजाय कैरियर और नेटवर्क का सहारा लेकर सप्लाई चेन चला रहे हैं। ऐसे गिरोहों की पहचान कर उनकी पूरी श्रृंखला तोडऩे के लिए पुलिस ने संवेदनशील स्थान चिन्हित कर रणनीतिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नशा बेचने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना है। बैठक में पुलिस अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया। 15 से 30 जुलाई तक चल रहे इस विशेष अभियान के दौरान जागरूकता और सख्त कार्रवाई दोनों मोर्चों पर पुलिस पूरी ताकत के साथ सक्रिय रहेगी।


