जंगल बचेंगे तो इंसान भी सुरक्षित रहेगा : रेंजर शुभी जैन
शिवपुरी। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस और अंतरराष्ट्रीय टाइगर डे पर दून पब्लिक स्कूल ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देते हुए जागरूकता, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि माधव नेशनल पार्क (टाइगर रिजर्व) की मध्य रेंज रेंजर शुभी जैन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जंगलों में मानव दखल जितना कम होगा, प्रकृति उतनी समृद्ध होगी और मानव जीवन उतना ही खुशहाल रहेगा।
कार्यक्रम में अखलाक खान ने प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इसके बाद माधव टाइगर रिजर्व एवं मानव-टाइगर सह-अस्तित्व पर आधारित प्रेरक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसने बच्चों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति नई सोच दी। सुबह हुई तेज बारिश ने शहर में प्रस्तावित रैली की राह जरूर रोकी, लेकिन बच्चों का उत्साह नहीं डिगा। बारिश थमते ही विद्यार्थियों ने ककरवाया गांव में हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर जागरूकता रैली निकाली और ग्रामीणों से प्रकृति एवं बाघ संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। विद्यालय में आयोजित प्रकृति एवं टाइगर संरक्षण विषयक पेंटिंग प्रतियोगिता में 60 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी कल्पनाओं में हरियाली और वन्यजीव संरक्षण के रंग भरे। नित्या गुप्ता ने प्रथम, निर्गुण कौर व मायरा राईन ने द्वितीय तथा हमना जमाली व प्रभजोत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान टाइगर संरक्षण पर आधारित विशेष पोस्टर का विमोचन भी हुआ। समापन अवसर पर दून पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डॉ. खुशी खान एवं शाहिद खान ने रेंजर शुभी जैन का सम्मान कर वन विभाग के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।


