शिवपुरी। जिले में खनिज माफिया के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कोलारस तहसील के ग्राम कुड़ापढ़ोन में अवैध मुरम उत्खनन पर छापा मारकर मौके से एक पोकलेन मशीन जब्त कर ली।
खनिज निरीक्षक ऋषभ दीक्षित के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जांच के दौरान पाया कि बिना वैध अनुमति के मुरम का उत्खनन किया जा रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को कब्जे में लिया और संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले की प्राकृतिक संपदा पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर अवैध उत्खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और खनिज माफिया पर पैनी नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति खनन करने वालों के खिलाफ जब्ती, प्रकरण दर्ज करने और दंडात्मक कार्रवाई का सिलसिला आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।


