शिवपुरी। पोहरी कृषि उपज मंडी में बुधवार को एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान किसानों की सुविधाओं, मंडी कर वसूली और परिसर के बाहर होने वाली खरीद-फरोख्त पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कर चोरी और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
एसडीएम ने मंडी परिसर में बने शेड का निरीक्षण कर वर्षाकाल को देखते हुए किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी उपज सुरक्षित रखना मंडी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर के बाहर होने वाले कृषि उपज व्यापार पर भी विशेष चिंता जताई गई। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना मंडी कर के कृषि उपज का परिवहन या खरीद-फरोख्त किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए जाएं। उन्होंने मंडी कर की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने और कर चोरी करने वाले व्यापारियों पर नियमानुसार पांच गुना अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि राजस्व की हानि पहुंचाने वालों और नियमों को दरकिनार कर व्यापार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान मंडी समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


