शिवपुरी। जिले में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनारा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वारदात की फिराक में घूम रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 95 हजार रुपए कीमत की चोरी की दो मोटरसाइकिलें तथा एक धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह को मुखबिर से सूचना मिली कि दिनारा के चीलघर के पास दो संदिग्ध युवक किसी वारदात की नीयत से खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान कीरत पुत्र बालकिशन जोशी उम्र 28 वर्ष निवासी वार्ड-14, अनाज मंडी के पास, करैरा तथा सुनील रजक पुत्र विक्रम रजक उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम भोड़न, थाना भौती के रूप में बताई। तलाशी के दौरान कीरत जोशी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 28 जून 2026 को दिनारा बाजार से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा 22 जून 2026 को अनीश खान (नट) के साथ मिलकर एक अन्य मोटरसाइकिल भी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों चोरी की बाइक बरामद कर ली हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कीरत जोशी शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना करैरा में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह, एसआई सुल्तान सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल सिंह, हिमांशु चतुर्वेदी, घनश्याम परमार तथा आरक्षक शिवम यादव, संदीप सिंह चौहान, योगेश मिश्रा, नन्दकिशोर शर्मा और नन्दकिशोर माथुर की सराहनीय भूमिका रही।


